सहरसा जिले के महिषी प्रखंड अंतर्गत राजनपुर पंचायत में एक ही परिवार के तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। मंगलवार की दोपहर जैसे ही तीनों शव गांव पहुंचे, पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान राजनपुर पंचायत के धनौज धर्मपुर गांव वार्ड संख्या-3 राम टोला निवासी मकसूद राम के 25 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार, उनकी 22 वर्षीय पत्नी सोनी देवी और 5 महीने के पुत्र सुधांशु कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि कुंदन कुमार दिल्ली में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी और उसके पिता मकसूद राम मानसिक रूप से बीमार चल रहे हैं।
मृतक के चचेरे भाई पप्पू कुमार राम ने बताया कि कुंदन का 5 महीने का बेटा सुधांशु बीमार था और अक्सर मां का दूध पीने के दौरान रोया करता था। बच्चे के इलाज के लिए कुंदन अपनी पत्नी और बेटे के साथ तीन दिन पहले खगड़िया जिले में अपनी बहन के घर गया था। वहां किसी डॉक्टर से बेहतर इलाज कराने की सलाह दी गई थी।
इसी दौरान इलाज के लिए जाते समय कुंदन अपने परिवार के साथ टेंपो में सवार होकर सफर कर रहा था, तभी रास्ते में भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पति-पत्नी और मासूम बेटे की मौत हो गई।
मंगलवार को खगड़िया में पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने तीनों शव परिजनों को सौंप दिए। गांव में शव पहुंचते ही परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गांव में बेहद गमगीन माहौल के बीच कुंदन कुमार और उनकी पत्नी सोनी देवी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया, जबकि 5 महीने के मासूम सुधांशु कुमार को उनके बगल में दफनाया गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।


