apnabiharjharkhand

बैंक से लौट रहे व्यक्ति से छिनतई की कोशिश, लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा

धनबाद में बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे एक व्यक्ति से छिनतई का मामला सामने आया है। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता से दोनों आरोपी मौके पर ही पकड़ लिए गए। घटना सदर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बिस्तीपाड़ा निवासी राजेश हांडी मंगलवार सुबह बैंक से करीब 10 हजार रुपये निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने जबरन राजेश हांडी को अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उनकी जेब में रखे पैसे निकाल लिए।

पीड़ित राजेश हांडी ने बताया कि आरोपियों ने कुछ दूरी तक उन्हें गाड़ी में रखा और फिर रास्ते में उतारकर फरार होने की कोशिश करने लगे। इसी बीच आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ और उन्होंने दोनों युवकों को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों युवक कतरास इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुट गई है।

स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण बड़ी वारदात टल गई। लोगों ने कहा कि अगर समय रहते आरोपी नहीं पकड़े जाते तो वे आसानी से फरार हो सकते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का पहले भी किसी आपराधिक घटना से संबंध रहा है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *