सहरसा में पटाखा दुकानों पर पुलिस का छापा, 25 लाख के अवैध पटाखे बरामद; चार हिरासत में

दीपावली पर्व को लेकर सहरसा पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सदर थाना क्षेत्र के शंकर चौक सहित विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य के पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में चार दुकानदारों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

 

Sponsored Advertisement

सहरसा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद विशेष टीम गठित की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में कहरा के अंचलाधिकारी, सदर थाना अध्यक्ष, अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।

 

पुलिस टीम ने 25 अक्टूबर 2026 को शंकर चौक स्थित गैर लाइसेंसी गणेश स्टोर और चंदन स्टोर में छापेमारी की। गणेश स्टोर के संचालक सुशील कुमार और चंदन स्टोर के संचालक चंदन कुमार की दुकानों से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए। दोनों दुकानों में पटाखों का अवैध भंडारण किए जाने की बात सामने आई है।

 

इसके अलावा, निर्धारित क्षेत्र से बाहर रिहायशी इलाके में पटाखे रखने के मामले में लाइसेंसी दुकानदार श्रीराम स्टोर के संचालक अमरजीत कुमार और मां लक्ष्मी स्टोर के संचालक राजय कुमार के यहां भी पटाखे पाए गए। पुलिस ने बरामद पटाखों की जब्ती सूची तैयार कर चारों दुकानदारों को हिरासत में लिया है।

 

पुलिस के अनुसार, रिहायशी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमों के विरुद्ध पटाखों का भंडारण और कारोबार लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इससे आग लगने और जान-माल के नुकसान की आशंका रहती है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

 

सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Posts

सहरसा में दिनदहाड़े अपराधियों ने पूर्व मुखिया गुड्डू आलम को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

सहरसा। बिहार के सहरसा जिले में अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए हरेबा पंचायत के पूर्व मुखिया मोहम्मद गुड्डू आलम की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली…

दीपावली और छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सहरसा नगर निगम में विशेष बैठक, साफ-सफाई और रोशनी व्यवस्था पर जोर

सहरसा। आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर सहरसा नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *