पलामू जिला व्यावसायिक संघ की हीरक जयंती के अवसर पर मेदिनीनगर स्थित होटल रामाडा में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में व्यवसाय, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई विभूतियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभात अग्रवाल, अविनाश देव, गणेश गिरी, उप महापौर मंगल सिंह, कृष्ण मुरारी पांडे, रामदास साहू, श्वेता मेहता और प्रसिद्ध पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल सहित अन्य लोगों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री ने भी कई व्यापारियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया। इनमें छतरपुर पूर्वी के जिला पार्षद सह झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स, पलामू प्रमंडल के उपाध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल, पलामू चैंबर के सचिव इंद्रजीत सिंह डिंपल और कृष्णा अग्रवाल सहित अन्य लोग शामिल रहे।
**पर्यावरण संरक्षण का संदेश, वित्त मंत्री को भेंट किया आम का पौधा**
समारोह में पर्यावरणविद डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर को थाईलैंड प्रजाति का बारहमासी आम का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1966 में खाने और पीने के पानी की गंभीर समस्या के बीच अपनी जन्मभूमि ग्राम डाली में 7.72 एकड़ जमीन से ‘जंगल लगाओ, जंगल बचाओ’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद चराई, केरकी और कुटिया में 27 एकड़ जमीन पर पौधारोपण किया।
डॉ. जायसवाल के अनुसार, उन्होंने नेपाल, भूटान, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, जापान और वियतनाम सहित कई देशों तथा भारत के 26 राज्यों के 181 जिलों में अब तक 65 लाख पौधों का निःशुल्क वितरण और रोपण किया है।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान को व्यापक पहचान मिली है। उनकी जीवनी को वर्ष 2010 से सीबीएसई की कक्षा आठ और आईसीएसई की कक्षा छह में ‘मैन ऑन मिशन’ के रूप में पढ़ाया जा रहा है। उन्हें अब तक 10 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों सहित कुल 86 पुरस्कार मिल चुके हैं।
हीरक जयंती समारोह ने व्यापारिक एकजुटता, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।





