भोजपुर में रामकुमार सिंह हत्याकांड के आरोपियों की गुंडा परेड, मुख्य आरोपी समेत तीन को कोर्ट ले गई पुलिस

भोजपुर: बिहार के भोजपुर में पूर्व कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संघ के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नवादा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी चंदन सिंह समेत तीन आरोपियों की गुंडा परेड कराई। पुलिस तीनों को थाना परिसर से पैदल मार्च कराते हुए न्यायालय तक लेकर पहुंची। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सड़क पर आरोपियों की कराई गई परेड

Sponsored Advertisement

पुलिस ने चंदन सिंह, अभिषेक यादव और टीपू कुमार को नवादा थाना से करमन टोला, मठिया मोड़, महावीर टोला और रमना रोड होते हुए न्यायालय पहुंचाया। सुरक्षा के मद्देनजर रास्ते में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।

15 अक्टूबर को हुई थी रामकुमार सिंह की हत्या

दरअसल, बीते 15 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे कनकपुरी मोहल्ले में रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकल रहे थे, तभी जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

14 कट्ठा जमीन विवाद में हत्या की आशंका

पुलिस के अनुसार, हत्याकांड के पीछे 14 कट्ठा जमीन का विवाद प्रमुख कारण बताया जा रहा है। यह जमीन भोजपुर जिले के सिंघही में स्थित है। पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2006 से जमीन रामकुमार सिंह के बेटे के नाम पर थी और वर्ष 2020 में इसकी घेराबंदी कराई गई थी। आरोप है कि वर्ष 2025 में दूसरे पक्ष ने जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी लेकर अलग-अलग लोगों के नाम रजिस्ट्री और म्यूटेशन कराया।

कोलकाता एयरपोर्ट से पकड़ा गया मुख्य आरोपी

पुलिस ने इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी चंदन सिंह, अभिषेक कुमार, टीपू कुमार और कथित पत्रकार मनोज कुमार सिंह उर्फ लक्की शामिल हैं। चंदन सिंह और अभिषेक कुमार को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया, जबकि टीपू को भोजपुर के टाउन थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। मनोज कुमार सिंह उर्फ लक्की की गिरफ्तारी घटना के तुरंत बाद हुई थी।

भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से तीन-चार दिन पहले अपने बैंक खातों से रकम निकालकर पत्नियों के खातों में ट्रांसफर की थी। घटना के बाद वे सिलीगुड़ी, गैंगटोक और फिर कोलकाता पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए नए सिम कार्ड, मोबाइल फोन और बैंक खाते का इस्तेमाल किया।

एसपी ने बताया कि पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हैं। मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है।

Related Posts

पटना के ब्रांडेड फूड आउटलेट्स में गंदगी का खुलासा, कहीं बदबूदार पनीर तो कहीं ब्रेड में मिला कीड़ा

पटना के ब्रांडेड फूड आउटलेट्स में गंदगी का खुलासा, कहीं बदबूदार पनीर तो कहीं ब्रेड में मिला कीड़ा

पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 5,292 वाहनों से 63.81 लाख रुपये का जुर्माना

पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 5,292 वाहनों से 63.81 लाख रुपये का जुर्माना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *