बिहार के बेगूसराय में महिला डॉक्टर पर एसिड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी पर पिछले करीब तीन महीने से महिला डॉक्टर का पीछा करने की बात सामने आई है। वहीं, पुरानी रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बेगूसराय में महिला डॉक्टर पर एसिड से हमला किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, घटना बीती रात करीब 10 बजे की है। महिला डॉक्टर अपने मोहल्ले के पास थीं, तभी पीछे से उन पर एसिड फेंके जाने की बात सामने आई। हमले में डॉक्टर को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मामले में पुलिस ने समस्तीपुर जिले के रामपुर जलालपुर निवासी गौतम झा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लक्ष्य हॉस्पिटल के बगल में ई-रिक्शा और चार्जिंग की दुकान चलाता है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुरानी रंजिश के एंगल से जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि महिला डॉक्टर के पति और आरोपी से जुड़ी एक युवती के बीच पुराने विवाद को लेकर तनाव हुआ था। कथित तौर पर इसी विवाद के बाद आरोपी महिला डॉक्टर से नाराज था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी पिछले करीब तीन महीने से डॉक्टर का पीछा कर रहा था। हालांकि, इन घटनाओं और हमले के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष, सदर-1 डीएसपी प्रशांत कुमार और नगर थानाध्यक्ष ने घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी मनीष के मुताबिक, महिला डॉक्टर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
फिलहाल पुलिस हमले में इस्तेमाल किए गए पदार्थ की जांच कर रही है। साथ ही, घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका और संभावित साजिश के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।





