पटना में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, खराब मिठाइयां और एक्सपायरी सामान जब्त कर नष्ट कराया

पटना: आगामी त्योहारों को देखते हुए बिहार में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी, खराब और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। 12 अक्टूबर तक पटना समेत विभिन्न जिलों में मिठाई दुकानों, खाद्य कारखानों और रेस्तरां का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और साफ-सफाई में लापरवाही सामने आई। विभाग ने खराब खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई, जबकि कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

पटना में कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

Sponsored Advertisement

सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक प्रतिष्ठान से 18 हजार 335 रुपये की खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसमें 70 किलोग्राम एक्सपायरी बेसन भी शामिल था, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। अनियमितताओं के कारण प्रतिष्ठान का लाइसेंस रद्द कर संचालक से तीन दिनों में स्पष्टीकरण मांगा गया।

बुद्धा कॉलोनी में एक कारखाने से एक्सपायरी कस्टर्ड पाउडर, फ्लेवर और बेकिंग पाउडर जब्त कर नष्ट कराया गया। यहां से पांच नमूने जांच के लिए भेजे गए। कारखाने का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया।

रामकृष्ण नगर के ईस्ट लक्ष्मी नगर में 630 किलोग्राम कलाकंद, 10 किलोग्राम बर्फी और पांच किलोग्राम लड्डू जब्त किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये थी। मिठाइयों को नष्ट कराते हुए प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस दिया गया।

इंदिरा नगर में खराब सामग्री मिली

इंदिरा नगर में 31 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, 34 किलोग्राम सूजी, 20 किलोग्राम मिल्क केक और 14 किलोग्राम चीनी जब्त कर नष्ट कराई गई। जांच में मिल्क पाउडर में दुर्गंध, सड़न और फंगस पाया गया। साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली।

पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल एरिया में स्वच्छता सुधारने का निर्देश दिया गया। वहीं, बुद्ध मार्ग की बिरयानी दुकान समेत अन्य प्रतिष्ठानों में भी जांच की गई।

कारोबारियों को सख्त निर्देश

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को एक्सपायरी सामग्री की बिक्री रोकने, स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Posts

सहरसा में नवरात्र के तीसरे दिन अग्निशमन विभाग का निरीक्षण, पूजा पंडालों को सुरक्षा निर्देश

नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सहरसा जिला प्रशासन सतर्क है। पूजा पंडालों और मेले में आगजनी की घटनाओं को रोकने तथा आपात…

सहरसा में खाद्य विभाग की छापेमारी, एक्सपायरी दूध, चिकन और पनीर जब्त कर किए गए नष्ट

बिहार के सहरसा में आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *