
साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध के पुलिस उपाधीक्षक अमित रविदास के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों पर फर्जी गैस बिल अपडेट कराने और क्रेडिट कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पहली छापेमारी नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुवा गांव में जोरिया के बगल स्थित श्मशान घाट के पास की गई, जहां से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी छापेमारी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के घषकोटांड़ जोरिया के पास की गई, जहां से दो साइबर अपराधियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीम मंडल (30), मोजाहिद अंसारी (37) और कुरबान अंसारी (26) के रूप में हुई है। तीनों जामताड़ा जिले के निवासी हैं। इस मामले में साइबर थाना में कांड संख्या 66/26, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 और कांड संख्या 67/26, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
### फर्जी एपीके फाइल भेजकर करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्रीन गैस के उपभोक्ताओं को बिल अपडेट कराने के नाम पर मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। फाइल इंस्टॉल करने पर मोबाइल की निजी जानकारी हासिल कर बैंक खातों से पैसे निकालने की ठगी की जाती थी। इसके अलावा, विभिन्न बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देकर भी लोगों के मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड कराई जाती थी। इसके जरिए क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी चुराई जाती थी।
### पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, भीम मंडल के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 49/24 और नारायणपुर थाना कांड संख्या 62/15 में मामले दर्ज हैं। मोजाहिद अंसारी साइबर थाना कांड संख्या 58/19, जबकि कुरबान अंसारी कांड संख्या 28/23 में पहले से आरोपित है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था।
**लोकेशन: जामताड़ा**
**रिपोर्ट: संतोष कुमार**





