भागलपुर। जिले के गोराडीह प्रखंड स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ जीछो वाली बड़ी महारानी दरबार में शारदीय नवरात्र की शुरुआत पूरे भक्तिभाव और धूमधाम के साथ हुई। माता रानी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा है। नवरात्र को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया है। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घट स्थापना के साथ माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई। पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए दरबार पहुंचे।
तारापीठ से पहुंचे बाबा केदारनाथ जी महाराज
नवरात्र के पहले दिन पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध सिद्धपीठ तारापीठ से बाबा केदारनाथ जी महाराज का जीछो आगमन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उनके पहुंचते ही ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच भक्तों ने उनका भव्य स्वागत किया। उनके आगमन से मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और बढ़ गया।
नौ दिनों तक विशेष पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान
मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार, बाबा केदारनाथ जी महाराज अगले नौ दिनों तक जीछो वाली बड़ी महारानी दरबार में रहकर माता रानी की विशेष तांत्रिक पूजा, हवन और धार्मिक अनुष्ठान करेंगे। नवरात्र के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-पाठ का आयोजन किया जाएगा। पहले दिन शाम को महाआरती और विशेष हवन की भी तैयारी की गई है। श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं।
डांडिया, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रावण दहन की तैयारी
हर वर्ष की तरह इस बार भी वरिष्ठ समाजसेवी दीपक सिंह के सौजन्य से माता रानी की पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र की रौनक बढ़ाने के लिए डांडिया, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाआरती और रावण दहन सहित कई आयोजन प्रस्तावित हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
जीछो वाली बड़ी महारानी दरबार की गंगा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में विशेष धार्मिक मान्यता है। नवरात्र के नौ दिनों तक यहां मेले जैसा माहौल रहता है। मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का संगम देखने को मिल रहा है।





