जामताड़ा: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के विदेश व्यापार महानिदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) अभिनव गुप्ता गुरुवार को नाला स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचे। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने बैंड-बाजे और सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ उनका भव्य स्वागत किया। छात्राओं ने फूलों की बौछार कर और माथे पर तिलक लगाकर एडीजी का अभिनंदन किया।
विद्यालय में एडीजी ने पीएम श्री योजना के तहत विकसित आधुनिक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने इंटीग्रेटेड मैथ एंड साइंस लैब, एआई लैब, वोकेशनल रूम, स्मार्ट क्लास, लाइब्रेरी, बायोलॉजी, फिजिक्स और केमिस्ट्री लैब, वोकेशनल हेल्थ केयर रूम, आईसीटी लैब, किचन, हर्बल गार्डन, दामोदर हाउस और खेल मैदान सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधा संवाद कर प्रायोगिक शिक्षा, स्मार्ट क्लास और लैब की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद विद्यालय के सभागार में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। छात्राओं ने झारखंड की संस्कृति, कृषि और स्थानीय परंपराओं पर आधारित गीत, संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। विद्यालय की वार्डन रीना रोसलिन मुर्मू और शिक्षिकाओं ने स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर एडीजी को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में अभिनव गुप्ता ने कहा कि पीएम श्री योजना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि एआई लैब, वोकेशनल ट्रेनिंग और स्मार्ट तकनीक का उपयोग सराहनीय है। इंटरनेट पर उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री का बच्चों की जरूरत के अनुसार उपयोग किया जाना चाहिए।
उन्होंने छात्राओं की समस्याएं सुनने के लिए बनाई गई छोटी कैबिनेट व्यवस्था की भी सराहना की। बताया गया कि प्रत्येक महीने 19 तारीख को बैठक कर छात्राओं की समस्याएं सुनी और उनका समाधान किया जाता है।
एडीजी ने भोजन कक्ष, भोजन की गुणवत्ता और समय-सारणी के साथ खेल मैदान एवं नए कोर्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है। लाइब्रेरी में किताबों की संख्या बढ़ाने और अन्य क्षेत्रों में वोकेशनल प्रशिक्षण शुरू करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, एपीओ मनोज कुमार, बीईईओ मिलन कुमार घोष, बीपीओ कृष्ण मनोहर सिंह, वार्डन रीना रोसलिन मुर्मू समेत विद्यालय की शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।






