
सहरसा। राजकीय पॉलिटेकनिक के पुराने भवन स्थित सेमिनार हॉल में जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) की ओर से बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना को लेकर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता, योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देना था।
सेमिनार में डीआरसीसी प्रबंधक संजय कुमार सुमन ने विद्यार्थियों को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योजना की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, शिक्षा ऋण, पुनर्भुगतान अवधि और योजना में किए गए महत्वपूर्ण संशोधनों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से योजना का लाभ उठाकर अपनी उच्च शिक्षा जारी रखने की अपील की।
संस्थान के प्राचार्य प्रो. मिथुन कुमार ने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी भी विद्यार्थी की उच्च शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्रों से योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार इसका लाभ उठाने की अपील की।
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की नोडल पदाधिकारी प्रो. श्वेता शरण भारतीय ने कहा कि संस्थान की ओर से योजना से जुड़े आवेदन और अन्य प्रक्रियाओं में विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने छात्रों से आवश्यक दस्तावेज और पात्रता की जानकारी लेकर समय पर आवेदन करने की अपील की। किसी भी समस्या की स्थिति में संस्थान के नोडल पदाधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में डीआरसीसी टीम के कन्हैया कुमार और शहनवाज भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को योजनाओं से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।
सेमिनार के दौरान छात्र-छात्राओं ने योजनाओं से संबंधित कई सवाल पूछे, जिनका डीआरसीसी टीम ने सरल और स्पष्ट तरीके से जवाब दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। सेमिनार को सफल बनाने में संस्थान के व्याख्याताओं और अन्य कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।





