सहरसा जिले के सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत में कार्यरत सफाई कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 8 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। हड़ताल को लेकर सफाई कर्मियों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन देने के दौरान कर्मियों ने नगर अध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी और सफाई एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संगठन के अध्यक्ष कुसाग्र कुमार गब्बर ने बताया कि सफाई कर्मियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और सफाई एजेंसी की कथित मनमानी के विरोध में हड़ताल का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मियों की मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
सफाई कर्मियों ने आवेदन के माध्यम से कई मांगें रखी हैं। इनमें रिक्त पदों के विरुद्ध दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मियों की नियुक्ति, समय पर मानदेय का भुगतान और बिहार गजट में निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार मजदूरी देने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा कर्मियों ने समय पर सफाई एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की भी मांग की है।
संगठन की ओर से करीब डेढ़ माह पूर्व कार्य से हटाए गए 40 मजदूरों को दोबारा काम पर रखने की मांग भी की गई है। कर्मियों का कहना है कि सफाई कार्य के दौरान उन्हें पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए। साथ ही मानदेय और मजदूरी का भुगतान भी निर्धारित समय पर किया जाना चाहिए।
सफाई कर्मियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों का समाधान होने तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी। ऐसे में 8 सितंबर से कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इससे शहर में साफ-सफाई को लेकर आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस दौरान बिनोद मल्लिक, समीर, अमीर, माधव सिंह, अशोक, सुभाष, रितेश, चन्द्रेश्वरी, सनोज, जगदीश, महेंद्र, विजय और प्रमोद समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे।





