भागलपुर: लोदीपुर थाना क्षेत्र में बाईपास के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान शिवपुरी कॉलोनी निवासी रितेश कुमार, पिता नंद किशोर मंडल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रितेश कुमार अपने दो दोस्तों के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान लोदीपुर थाना क्षेत्र के बाईपास के पास अचानक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि रितेश कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर सवार उसके दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतक रितेश के शव को भी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रितेश के पिता नंद किशोर मंडल ने बताया कि एंबुलेंस कर्मी के फोन के जरिए परिवार को हादसे की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में मायागंज अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उनका बेटा दुनिया छोड़ चुका था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक, रितेश सीमेंट गोदाम में काम करता था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। अचानक हुए हादसे में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।
इधर, हादसे में घायल दोनों युवकों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद लोदीपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, बाइक कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुई और क्या किसी अन्य वाहन की इसमें भूमिका थी, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।






