सहरसा। कोसी स्नातक क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव में प्राइवेट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन अपना उम्मीदवार उतारेगा। संगठन ने डॉ. वंदना कुमारी को चुनावी मैदान में प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है। यह घोषणा चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद ने बुधवार की रात सहरसा पहुंचने के बाद प्रेस वार्ता के दौरान की।
पटुआहा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल परिसर में एसोसिएशन के सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर संगठन लंबे समय से संघर्ष कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 में केंद्र सरकार द्वारा शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम पारित किया गया था, जो वर्ष 2010 से देशभर में लागू हुआ। बिहार में इसे वर्ष 2011 में लागू किया गया। इसके बाद निजी विद्यालयों के संचालन और अस्तित्व को लेकर कई चुनौतियां सामने आईं, जिसके खिलाफ निजी स्कूल संगठनों ने एकजुट होकर आवाज उठाई।
शमायल अहमद ने बताया कि एसोसिएशन का विस्तार राष्ट्रीय स्तर पर हो चुका है और देशभर में इसके दो लाख से अधिक सदस्य हैं, जबकि बिहार में 25 हजार से अधिक सदस्य जुड़े हैं। संगठन के सदस्यों की लंबे समय से मांग थी कि निजी विद्यालयों से जुड़ा कोई प्रतिनिधि विधानसभा या विधान परिषद में पहुंचकर उनकी समस्याओं को मजबूती से सदन में उठाए।
उन्होंने बताया कि हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में सर्वसम्मति से वर्ष 2026 के कोसी स्नातक एमएलसी चुनाव में संगठन की ओर से उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया गया। इसी के तहत डॉ. वंदना कुमारी को प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने डॉ. वंदना कुमारी को शिक्षित, अनुभवी और डायनेमिक बताते हुए कहा कि वह वर्तमान में एक प्रतिष्ठित विद्यालय की प्राचार्य हैं।
संगठन के अनुसार कोसी स्नातक क्षेत्र के 14 जिलों में करीब 7 से 8 हजार निजी विद्यालय हैं और एसोसिएशन से जुड़े लगभग 70 से 80 हजार स्नातक मतदाता हैं। संगठन ने चुनाव के लिए 14 प्रमुख मुद्दों को घोषणापत्र में शामिल किया है।
वहीं, एसोसिएशन ने सामाजिक पहल के तहत सहरसा के 100 गरीब बच्चों को चयनित कर पटना में कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई के साथ मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराने की भी घोषणा की है।





