
पटना: पटना के मसौढ़ी में बुधवार को एक सरकारी शिक्षिका की हत्या से सनसनी फैल गई। कैलूचक मोहल्ले में घर के अंदर 35 वर्षीय महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला। महिला की पहचान ज्ञानचंद चौधरी की पत्नी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। वह पुनपुन के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शहबाजपुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी कुमारी रक्षाबंधन के मौके पर अपने मायके आई थीं। उनका मायका मसौढ़ी के प्रेम रोड मोहल्ले में है। उनके बेटे गौरव कुमार और बेटी शिखा कुमारी भी त्योहार के मौके पर घर आए हुए थे। वहीं, उनके पति ज्ञानचंद चौधरी गया में ग्रामीण कार्य विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
बुधवार को घर पहुंचने पर खुला हत्या का राज
परिजनों के अनुसार, बुधवार को जब बच्चे घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला और महिला के मोबाइल पर भी सुबह से फोन नहीं लग रहा था। इसके बाद परिजनों ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर बेड पर लक्ष्मी कुमारी का शव पड़ा मिला। शव पर खून के निशान थे।
परिजनों ने घर में लूटपाट की बात भी कही है। बताया जा रहा है कि गोदरेज से आभूषण भी गायब हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद घर में लूटपाट की गई।
स्कूल नहीं पहुंची थीं शिक्षिका
पुनपुन स्थित स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि लक्ष्मी कुमारी मंगलवार को विद्यालय आई थीं। बुधवार को जब वह स्कूल नहीं पहुंचीं तो सहकर्मियों ने भी उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
जांच में जुटी पुलिस और एफएसएल टीम
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल और थानाध्यक्ष विवेक भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
एसडीपीओ के मुताबिक, महिला की धारदार हथियार से हत्या की गई है। गर्दन के पीछे जख्म के निशान मिले हैं। फिलहाल हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।





