बस की चपेट में आने से 5 वर्षीय बालक की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम और बस में तोड़फोड़

पूर्वी चम्पारण। घोड़ासहन थाना क्षेत्र के कुरनिया माता मंदिर के समीप मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस की ठोकर से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय गांधीनगर निवासी विक्की पटेल के पांच वर्षीय पुत्र शिवांश कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, शिवांश कुमार अपने परिजनों के साथ कुरनिया माता मंदिर में पूजा करने गया था। इसी दौरान ढाका की ओर से घोड़ासहन आ रही वैष्णव ट्रेवल्स की बस की चपेट में वह आ गया। दुर्घटना में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए घोड़ासहन स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

बताया जाता है कि इलाज के दौरान शिवांश की स्थिति लगातार बिगड़ती गई। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए मंगलवार की शाम बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बालक को इलाज के लिए मोतिहारी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

 

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर बालक के शव को स्थानीय बस स्टैंड में रख दिया। इसके बाद टायर जलाकर ढाका-घोड़ासहन मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

 

इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बस में ईंट-पत्थर और डंडे से तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।

 

मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने सड़क पर जल रहे टायरों पर पानी डालकर आग बुझाई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया है। वहीं बालक के शव को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Related Posts

सहरसा में तिलावे नदी में नाव पलटी, महिला और 12 साल की बच्ची की मौत

सहरसा में तिलावे नदी में नाव पलटी, महिला और 12 साल की बच्ची की मौत

चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, मंत्रालय को मिला धमकी भरा संदेश; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी, मंत्रालय को मिला धमकी भरा संदेश; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *