भागलपुर: जिले के नाथनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सबौर प्रखंड की फरका पंचायत स्थित इंग्लिश गांव में गंगा के तेज बहाव से भीषण कटाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि गंगा के रौद्र रूप के कारण गांव के करीब 12 से 15 घर नदी में समा गए हैं। कटाव से प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल है और कई लोग अपने घरों तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं।
कटाव की स्थिति का जायजा लेने नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व प्रत्याशी शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कटाव प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर चल रहे बचाव एवं कटावरोधी कार्यों का निरीक्षण किया।
जेड हसन ने बचाव कार्य में लगे लोगों से मजदूरों और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फिलहाल करीब 50 से 60 मजदूर राहत एवं बचाव कार्य में लगे हैं और दो नावों की व्यवस्था की गई है। राजद नेता ने इसे मौजूदा स्थिति के हिसाब से अपर्याप्त बताते हुए जिला प्रशासन से संसाधन बढ़ाने की मांग की।
उन्होंने फोन पर जिलाधिकारी और अंचलाधिकारी से संपर्क कर कटाव की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। जेड हसन ने मांग की कि बचाव कार्य में कम से कम 200 से 250 मजदूर लगाए जाएं, अतिरिक्त नावों की व्यवस्था की जाए तथा जनरेटर लगाकर तेज गति से सुरक्षात्मक कार्य कराया जाए।
कटाव से विस्थापित परिवारों के लिए सुरक्षित स्थान पर तत्काल रहने और खाने की व्यवस्था करने की भी मांग की गई। उन्होंने प्रभावित लोगों को तिरपाल और पॉलिथीन उपलब्ध कराने तथा मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि अब तक अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का दौरा किया है, लेकिन जिला स्तर के अन्य वरीय अधिकारी पीड़ितों के बीच नहीं पहुंचे हैं। स्थानीय मुखिया राजेंद्र मंडल ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से मदद की मांग की है।
मौके पर राजद नेता सौरभ यादव, शिशुपाल भारती, शंकर सिंह, भोपाली यादव, प्रमुख अभय सिंह, मुखिया राजेंद्र मंडल, उमर ताज अंसारी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।






