सहरसा। नवहट्टा नगर पंचायत में विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मियों की हड़ताल लगातार चौथे दिन भी जारी रही। हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों ने बैनर और तख्तियां लेकर नगर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लगातार जारी हड़ताल के कारण नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय सफाई मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशार कुमार गब्बर ने नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी पिछले चार दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, लेकिन नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
कुशार कुमार गब्बर ने बताया कि मंगलवार को नवहट्टा, बनगांव और सौर बाजार नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के साथ-साथ सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मी भी जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान सफाई कर्मियों की समस्याओं और विभिन्न मांगों से जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा और व्यापक रूप दिया जाएगा।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सफाई कार्य से जुड़े संवेदक लड्डू सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए और उन्हें काली सूची में डालने की मांग की। उनका आरोप है कि संवेदक के आने के बाद से सफाई कर्मियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
वहीं, नगर पंचायत के सफाई जम्मेदार ने इन आरोपों को अलग तरीके से प्रस्तुत किया है। उनका कहना है कि कुछ सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जबकि कई कर्मियों की समस्याओं का समाधान पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि कई सफाई कर्मी नियमित रूप से सफाई कार्य कर रहे हैं और उन्हें समय पर वेतन भी दिया जा रहा है।
सफाई जम्मेदार ने बाहरी लोगों को बुलाकर धरना-प्रदर्शन कराने और सफाई कर्मियों को कथित तौर पर बरगलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जीपीएस कैमरे से ली गई तस्वीरें उनके पास उपलब्ध हैं।
फिलहाल सफाई कर्मियों और नगर प्रशासन के बीच विवाद जारी है। अब मंगलवार को जिलाधिकारी के साथ प्रस्तावित मुलाकात के बाद क्या समाधान निकलता है और नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था कब तक पूरी तरह सामान्य होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट: इन्द्रदेव | लोकेशन: सहरसा






