जयराम महतो के बयान पर पुलिस मेन्स एसोसिएशन का मोर्चा, बोकारो में माफी की मांग

बोकारो। झारखंड के डुमरी विधायक जयराम महतो के एक बयान को लेकर पुलिस महकमे में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बोकारो के सेक्टर-4 स्थित पुलिस क्लब में झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके बयान और भाषा को अनुचित बताया है। एसोसिएशन ने जयराम महतो से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

 

Sponsored Advertisement

एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि एक विधायक और पढ़े-लिखे जनप्रतिनिधि से इस तरह की भाषा की अपेक्षा नहीं की जाती। उनका आरोप है कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को अपने शब्दों और व्यवहार में संयम रखना चाहिए, क्योंकि उनके बयान का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है।

 

पुलिस मेन्स एसोसिएशन से जुड़े बाल्मीकि पाठक ने जयराम महतो के रवैये पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने उनके व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी व्यक्ति में अत्यधिक आक्रोश और एग्रेशन होना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के बयान और भाषा से कार्यकर्ताओं को गलत संदेश मिल सकता है और वे अनुचित कार्यों के लिए प्रेरित हो सकते हैं।

 

वहीं, एसोसिएशन के सुभाष शुक्ला ने कहा कि इस तरह की गाली-गलौज वाली भाषा को कोई भी परिवार स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने जयराम महतो की भाषा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनसे मर्यादित और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।

 

विनय कुमार यादव ने कहा कि गलती होने पर माफी मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि बुद्धि और विवेक का परिचय है। उन्होंने जयराम महतो से अपने बयान और भाषा को लेकर माफी मांगने की अपील की।

 

एसोसिएशन ने जयराम महतो की ओर से कथित तौर पर आर्टिकल 21 के तहत निजता के अधिकार का हवाला दिए जाने पर भी सवाल खड़े किए। एसोसिएशन का कहना है कि यदि दो लोगों के बीच हुई बातचीत को उनमें से कोई एक सार्वजनिक करता है, तो हर परिस्थिति में उसे निजता के अधिकार का उल्लंघन नहीं कहा जा सकता।

 

पुलिस एसोसिएशन का कहना है कि फोन पर किसी के साथ गाली-गलौज को केवल निजी बातचीत बताकर उचित नहीं ठहराया जा सकता। उनका आरोप है कि ऐसी भाषा और व्यवहार से समाज में गलत संदेश जा सकता है।

 

फिलहाल झारखंड पुलिस मेन्स एसोसिएशन की मांग स्पष्ट है कि डुमरी विधायक जयराम महतो अपने बयान और भाषा को लेकर माफी मांगें। अब इस पूरे विवाद पर जयराम महतो की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Related Posts

नाला में गूंजी ‘मन की बात’, बूथ 197 पर कार्यकर्ताओं ने सुना पीएम मोदी का 137वां एपिसोड

जामताड़ा : नाला विधानसभा क्षेत्र के बान्दो गांव स्थित बूथ संख्या 197 पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का सामूहिक…

दलाबड़ पंचायत के 11 राजस्व गांवों में विशेष ग्राम सभा, जीपीडीपी अभियान 2026-27 की योजनाओं पर हुई चर्चा

जामताड़ा : नाला प्रखंड क्षेत्र की दलाबड़ ग्राम पंचायत के विभिन्न गांवों में शनिवार को सबकी योजना, सबका विकास (जीपीडीपी) अभियान 2026-27 के तहत विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *