मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र स्थित मधुबन चौक के पास रविवार की देर शाम नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ट्रैक्टर और दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर के कारण हुआ। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक और ट्रैक्टर की पहचान करने में जुट गई है।
मृतकों की पहचान धबौली निवासी संतोष कुमार के 25 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार और सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौड़ंडा वार्ड नंबर-1 निवासी दीपनारायण मंडल के 18 वर्षीय पुत्र बुधन कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रविवार की देर शाम दो बाइक पर सवार चार युवक मधुबन चौक के पास एनएच से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर ने दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल भर्राही थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को पुलिस वाहन से सदर अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सौरभ कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधन कुमार की भी मौत हो गई। वहीं चौड़ंडा वार्ड नंबर-1 निवासी मुन्ना कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। एक अन्य घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
बताया गया कि मृतक सौरभ कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी तीन बहनें हैं। वहीं, बुधन कुमार तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। दोनों युवकों की मौत के बाद उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
इधर, भर्राही थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।





