लोहा चोरों के आतंक से गांव परेशान! चोरी का सरिया स्क्रैप गोदाम में मिलने का आरोप, कार्रवाई के लिए एसपी कार्यालय पहुंचा ग्रामीण
बोकारो जिले के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरीडीह गांव और इसके आसपास के कई गांवों में इन दिनों लोहा चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार लोहे और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले सामानों की चोरी हो रही है, जिससे लोग परेशान हैं।
तुरीडीह निवासी अवन ओझा ने बोकारो एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य के लिए खरीदा गया सरिया 14 अगस्त की रात चोरी हो गया था। अगले दिन सुबह जब उन्होंने सरिया की खोजबीन शुरू की तो कथित तौर पर चोरी हुआ कुछ सरिया इलाके के एक स्क्रैप व्यवसायी कुदूस अंसारी के गोदाम में मिला।
अवन ओझा के अनुसार, इस मामले को लेकर उन्होंने 15 अगस्त को पिंडराजोरा थाना में लिखित शिकायत दी थी। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। कार्रवाई की मांग को लेकर वह दोबारा आवेदन लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुदूस अंसारी नामक स्क्रैप व्यवसायी का गोदाम उनके गांव के समीप संचालित हो रहा है और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही लोहा चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त स्क्रैप गोदाम कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से संचालित किया जा रहा है और काफी समय से यहां स्क्रैप का कारोबार चल रहा है।
हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित स्क्रैप व्यवसायी या पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि एसपी कार्यालय में शिकायत के बाद मामले की जांच होगी और चोरी की घटनाओं तथा स्क्रैप गोदाम से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष पड़ताल कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो





