सहरसा सदर अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की हड़ताल, मारपीट के आरोप में कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग

सहरसा: सदर अस्पताल में शुक्रवार को सुरक्षा गार्ड और एक चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के बीच हुए विवाद के बाद अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड के साथ कथित मारपीट के विरोध में सभी सुरक्षाकर्मी हड़ताल पर चले गए और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हड़ताल के कारण अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित रही।

 

सुरक्षा गार्डों के सुपरवाइजर संजीव कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में कार्यरत चतुर्थवर्गीय कर्मचारी मो. रफीक ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड अंबुज आनंद के साथ मारपीट की। घटना के विरोध में सभी सुरक्षाकर्मी एकजुट होकर आंदोलन पर उतर आए हैं और कार्रवाई होने तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है।

 

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब सात बजे अंबुज आनंद इमरजेंसी गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक ई-रिक्शा मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचा। मरीज को उतारने के बाद गार्ड ने चालक से वाहन हटाने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर ई-रिक्शा चालक से कहासुनी हो गई। इसी बीच इमरजेंसी में कार्यरत मो. रफीक वहां पहुंचे और गार्ड के साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मार दिया।

 

सुरक्षाकर्मियों का यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला सुरक्षा गार्ड के साथ भी दुर्व्यवहार और मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई।

 

घटना के विरोध में सभी सुरक्षा गार्ड मातृ-शिशु अस्पताल परिसर के पास एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलने पर डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. एस.के. आजाद, अस्पताल प्रबंधक शिंपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा गार्डों से बातचीत कर हड़ताल समाप्त करने की अपील की। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने स्पष्ट कहा कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ ठोस कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

 

सिविल सर्जन डॉ. राज नारायण प्रसाद ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपी कर्मचारी का मोबाइल फोन फिलहाल स्विच ऑफ है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

 

 

Related Posts

दीक्षांत परेड में शामिल होने जा रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार, स्कॉर्पियो पलटी; महिला समेत 5 घायल, दो हायर सेंटर रेफर

दीक्षांत परेड में शामिल होने जा रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार, स्कॉर्पियो पलटी; महिला समेत 5 घायल, दो हायर सेंटर रेफर

बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर लड़ें तो जीत-हार दोनों में जन सुराज को मिल सकता है राजनीतिक फायदा

बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर लड़ें तो जीत-हार दोनों में जन सुराज को मिल सकता है राजनीतिक फायदा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *