सहरसा: जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दीक्षांत परेड समारोह में शामिल होने सहरसा आ रहा एक परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया। बरियाही-सिमरी बख्तियारपुर मुख्य मार्ग पर मदनपुर चौक के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान जमुई जिले के लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-7 निवासी पंकज चौधरी (45), उनकी पत्नी अंजू कुमारी (42), भाई रामकुमार चौधरी (40) तथा पुत्र करण कुमार (19) और राजकुमार (18) के रूप में हुई है।
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि पंकज चौधरी और उनके पुत्र करण कुमार के पैर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
घायल रामकुमार चौधरी ने बताया कि उनका परिवार भतीजे विवेक कुमार के दीक्षांत परेड समारोह में शामिल होने सहरसा आ रहा था। विवेक बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर सहरसा पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है और शुक्रवार को उसका पासिंग आउट परेड आयोजित था। लेकिन समारोह में पहुंचने से पहले ही पूरा परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया।
जानकारी के अनुसार परिवार शुक्रवार सुबह जमुई से स्कॉर्पियो से सहरसा के लिए निकला था। मदनपुर चौक के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे स्कॉर्पियो सड़क किनारे पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही बलवाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने के कारण दुर्घटना होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






