धनबाद खुशरी मोड़ पर दर्दनाक हादसा: हाईवा की चपेट में आने से स्कूटर सवार की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र के खुशरी मोड़ के समीप मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय मनोज सिन्हा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके स्कूटर पर लिफ्ट लेकर जा रही महिला वीणा घोष गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांड्रा गांव निवासी मनोज सिन्हा अपने स्कूटर से किसी कार्य से निरसा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान गांव की रहने वाली वीणा घोष ने उनसे रास्ते में लिफ्ट मांगी, जिसके बाद वे दोनों एक ही स्कूटर पर निरसा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे खुशरी मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एमपीएल परिवहन के अधीन संचालित एक तेज रफ्तार हाईवा ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटर सड़क पर दूर जा गिरी। हादसे में मनोज सिन्हा सड़क पर गिर पड़े और हाईवा का पिछला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं वीणा घोष गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने उनकी हालत चिंताजनक बताई है।

 

घटना की सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। स्थानीय विधायक अरूप चटर्जी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने तथा नियमित निगरानी की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संवाददाता : नीतीश कुमार धनबाद ब्यूरो

Related Posts

धनबाद भूली के आजाद नगर में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात; नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

धनबाद भूली के आजाद नगर में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात; नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

डिजिटल करेंसी की ओर बढ़ रहा भारत, SBI के E-Rupee अभियान से जुड़ रहे हजारों ग्राहक

डिजिटल करेंसी की ओर बढ़ रहा भारत, SBI के E-Rupee अभियान से जुड़ रहे हजारों ग्राहक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *