देश सेवा करते हुए काल के गाल में समाए अग्निवीर रोहित सिंह, सैन्य सम्मान के साथ होगी विदाई



उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद के घनसाली क्षेत्र के युवा अग्निवीर रोहित सिंह के बलिदान की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जम्मू में तैनात 21 वर्षीय अग्निवीर रोहित सिंह की अपनी ही सर्विस रायफल से गोली लगने से मृत्यु हो गई। हालांकि गोली लगने की परिस्थितियों को लेकर अभी तक सेना की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।

घनसाली थाना क्षेत्र की पट्टी भिलंग स्थित ग्राम पंचायत मेंदू सिंधवाल के निवासी रोहित सिंह एक वर्ष पूर्व भारतीय सेना की 20 गढ़वाल राइफल में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे। देश सेवा का सपना लेकर सेना में शामिल हुए रोहित वर्तमान में जम्मू में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार, 10 जून की सुबह ड्यूटी के दौरान उन्हें उनकी सर्विस रायफल से गोली लग गई, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने रोहित को एक मेहनती, अनुशासित और देशभक्त युवा बताते हुए उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

ग्राम पंचायत मेंदू सिंधवाल के ग्राम प्रधान कुंवर सिंह ने बताया कि रोहित सिंह ने हाल ही में अपनी छह माह की सैन्य ट्रेनिंग पूरी की थी और सेना में बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर थे। उनके असमय निधन से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

सेना की ओर से रोहित सिंह के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव लाया गया, जहां परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके गांव पहुंच रहे हैं।

देश सेवा के दौरान रोहित सिंह का बलिदान क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और दुख दोनों का विषय बन गया है। पूरा जनपद अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटा है।

  • Related Posts

    सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, धनबाद में युवक हिरासत में

    धनबाद। सरकारी विभागों में नौकरी और पदोन्नति दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में धनबाद सदर थाना पुलिस ने बैंक मोड़ निवासी पंकज…

    धनबाद में जमीन कारोबारी को फोन पर जान से मारने की धमकी, सरायढेला पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

    धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी बंटी सिंह को फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *