जंगल में मिला महिला का कंकाल, 14 दिन से लापता थी सुनीता देवी; मौत को लेकर उठे कई सवाल



पलामू: झारखंड के पलामू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पांडू थाना क्षेत्र के जमुदाहा जंगल में एक महिला का कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान भटवलिया गांव निवासी 37 वर्षीय सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो पिछले 14 दिनों से लापता थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पांडू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जमुदाहा जंगल में एक कंकाल और कुछ कपड़े पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू की और बरामद कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान सुनीता देवी के रूप में की।

बताया जा रहा है कि सुनीता देवी 29 मई 2026 की सुबह करीब 11 बजे जंगल में लकड़ी लाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला था। अब जंगल से कंकाल मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि महिला की मौत जंगली जानवर के हमले में हुई हो सकती है। वहीं दूसरी ओर मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के लिए रिम्स रांची भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू

  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *