बिहार के दरभंगा जिले में अपराधियों ने एक युवक की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी। घटना पतोर थाना क्षेत्र के चंदन पट्टी गांव की है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक बाइक शोरूम के मैनेजर पर जानलेवा हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भय का माहौल है।
मृतक की पहचान दरभंगा बाजार निवासी फैज अहमद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि फैज चंदन पट्टी स्थित एक बाइक शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार को जुम्मा की नमाज अदा करने के बाद वह वापस शोरूम लौटा था। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने फैज अहमद पर चाकू और वाहन के शॉकर से ताबड़तोड़ वार किए। हमले की गंभीरता इतनी अधिक थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां फैज लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले किसी को घटना की भनक नहीं लगी थी। बाद में एक युवक ने आकर हत्या की सूचना दी, जिसके बाद लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
प्रभारी एसएसपी अशोक कुमार ने बताया कि युवक की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।






