पानी विवाद ने लिया हिंसक रूप: धनबाद के बहियारडीह में फायरिंग और पथराव, इलाके में भारी तनाव


धनबाद: जिले के बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत सोनारडीह ओपी क्षेत्र के जोगीडीह और बहियारडीह गांव के बीच पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। फायरिंग, पथराव और हंगामे के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, जोगीडीह गांव की महिलाओं ने पानी की समस्या से परेशान होकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि बहियारडीह के कुछ लोग अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त हैं, जिसके कारण क्षेत्र में जल स्रोत प्रभावित हुए हैं और पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों गांवों के लोगों के बीच विवाद बढ़ गया।

बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल ने बताया कि पुलिस के पहुंचने के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक पक्ष की ओर से दो राउंड फायरिंग की गई। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा भी बरामद किए हैं। वहीं, कुछ आक्रोशित महिलाओं द्वारा पुलिस वाहन पर पथराव किए जाने की सूचना है। इस दौरान बरोरा थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और उसका शीशा टूट गया।

घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। डीएसपी ने कहा कि दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध खनन के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों को तत्काल बंद कराया जाएगा।

  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *