एचआईवी पॉजिटिव महिला ने पहचान छिपाकर कराया सिजेरियन प्रसव, MMCH में मचा हड़कंप
पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में एक एचआईवी पॉजिटिव महिला द्वारा अपनी बीमारी की जानकारी छिपाकर सिजेरियन प्रसव कराने का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। महिला सदर प्रखंड क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और वह अपने पति के साथ लंबे समय से एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) की दवा ले रही थी। दोनों के पास एआरटी सेंटर का ग्रीन कार्ड भी मौजूद था, लेकिन अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उन्होंने इस महत्वपूर्ण जानकारी को छिपाए रखा।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह महिला का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया। अस्पताल में प्रसव पूर्व हुई जांच में महिला की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। बाद में एआरटी सेंटर की एक कर्मी को प्रसव की जानकारी मिलने पर मामले की जांच शुरू हुई। पूछताछ के दौरान महिला के पति ने शाम करीब साढ़े पांच बजे एचआईवी संक्रमित होने की बात स्वीकार की।
मामले का खुलासा होते ही अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। नवजात को संक्रमण से बचाने के लिए तत्काल नेब्रापिन दवा दी गई। राहत की बात यह है कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
गाइनोकोलॉजी विभाग की ओटी प्रभारी डॉ. अनूपा ने बताया कि यदि महिला ने पहले ही अपनी बीमारी की जानकारी दी होती तो ऑपरेशन विशेष सुरक्षा मानकों और अतिरिक्त पीपीई सुरक्षा के साथ किया जाता। जानकारी छिपाने के कारण चिकित्साकर्मियों को सामान्य प्रोटोकॉल के तहत ही ऑपरेशन करना पड़ा।
इस बीच अन्य मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे। अस्पताल की मेट्रन शिला कुमारी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन में इस्तेमाल किए गए सभी उपकरण अलग रखे गए थे और उनका किसी अन्य मरीज पर उपयोग नहीं किया गया। अस्पताल प्रशासन ने संक्रमण के किसी भी खतरे से इनकार किया है।
एमएमसीएच अधीक्षक डॉ. अजय कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।