धनबाद सदर अस्पताल को मिली नई सौगात, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और आधुनिक लॉन्ड्री मशीन का हुआ उद्घाटन
धनबाद के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने फीता काटकर एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, डेंटल एक्स-रे तथा आधुनिक लॉन्ड्री मशीन का उद्घाटन किया। ये सभी उपकरण बंधन बैंक द्वारा अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना के तहत अस्पताल को उपलब्ध कराए गए हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का लक्ष्य है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को निःशुल्क अथवा न्यूनतम शुल्क पर उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि इन नई सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को बेहतर जांच और उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
उपायुक्त ने बताया कि सदर अस्पताल ने पिछले एक वर्ष में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्तमान में प्रतिदिन 600 से 700 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की बदौलत अस्पताल में कई जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए हैं। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब मरीजों को भी बेहतर उपचार का लाभ मिल रहा है, जिसके कारण पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां इलाज कराने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अस्पताल को एमआरआई, सीटी स्कैन, मॉड्यूलर आईसीयू, मॉड्यूलर किचन और अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाओं से भी सुसज्जित किया जाएगा। इसके अलावा अस्पताल के विस्तार के लिए अतिरिक्त फ्लोर निर्माण, विशाल कार एवं बाइक पार्किंग तथा आगंतुकों के लिए शेड जैसी योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त ने विश्वास जताया कि यह वर्ष धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए स्वर्णिम साबित होगा और सदर अस्पताल जल्द ही जिले का सबसे बेहतर स्वास्थ्य संस्थान बनकर उभरेगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, बंधन बैंक के सहायक उपाध्यक्ष अनिमेष मिश्रा, डॉ. मिहिर झा सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।