खान सर की गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, एसएसपी ने बनाई पांच सदस्यीय स्पेशल टीम


चर्चित शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर के दो दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर उठ रहे सवालों के बीच पटना पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। गिरफ्तारी में हो रही देरी और बढ़ती आलोचनाओं के बाद पटना एसएसपी ने खान सर की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पांच सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और संबंधित अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जानकारी के अनुसार गठित टीम में टाउन डीएसपी-1, टाउन डीएसपी-2, कदमकुआं थाना प्रभारी, पीरबहोर थाना प्रभारी और गांधी मैदान थाना प्रभारी को शामिल किया गया है। इन अधिकारियों को मामले की निगरानी करते हुए गिरफ्तारी की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अब मामले में सक्रिय रणनीति अपनाई जा रही है।

दरअसल, कदमकुआं थाना में दर्ज एफआईआर के बाद से ही गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज थी। लोगों द्वारा लगातार सवाल उठाए जा रहे थे कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। इसी बढ़ते दबाव के बीच एसएसपी को विशेष टीम गठित करनी पड़ी।

सूत्रों के मुताबिक, अब तक पुलिस खान सर के आत्मसमर्पण का इंतजार कर रही थी। पुलिस को उम्मीद थी कि वे अदालत में सरेंडर करेंगे या कानूनी राहत के लिए आवेदन करेंगे। लेकिन समय बीतने के साथ दबाव बढ़ता गया, जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी।

दूसरी ओर, फैजल खान की कानूनी टीम भी सक्रिय हो गई है। उनके अधिवक्ता पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि जिन धाराओं में मामला दर्ज हुआ है, उनमें राहत मिलना आसान नहीं होगा। खान सर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

इधर फायर सेफ्टी विभाग ने भी खान सर के कोचिंग संस्थान की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल उठे हैं। यदि अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो संस्थान के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उसे सील भी किया जा सकता है। फिलहाल अदालत और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Related Posts

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

बेतिया के मीना बाजार में बुलडोजर कार्रवाई से बवाल, 85 दुकानों पर चला प्रशासन का अभियान, व्यापारियों ने किया जोरदार विरोध

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

31 साल बाद घर लौटा बेटा: गया में ‘मृत’ मान चुके परिवार के लिए चमत्कार बना साधु शर्मा का लौटना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *