रेलवे सुविधाओं और झरिया के विकास को लेकर विधायक रागिनी सिंह ने डीआरएम से की मुलाकात, सौंपा मांग पत्र



झरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक रागिनी सिंह ने रेलवे से जुड़ी जनसमस्याओं, यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर धनबाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झरिया एवं धनबाद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा और शीघ्र समाधान की मांग की।

विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रतिदिन रेलवे सेवाओं और उससे जुड़े मार्गों पर निर्भर है, लेकिन लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने समस्याओं के साथ-साथ उनके व्यावहारिक समाधान भी रेलवे प्रशासन के समक्ष रखे।

मुलाकात के दौरान विधायक ने पुराने झरिया-धनुआडीह रेलवे स्टेशन परिसर में झरिया 4 नंबर बस स्टैंड को स्थानांतरित कर एक सुव्यवस्थित बस स्टैंड विकसित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि इससे वर्तमान बस स्टैंड क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रेलवे की खाली भूमि का जनहित में उपयोग हो सकेगा।

इसके अलावा उन्होंने धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया। जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, अंडरपास में स्ट्रीट लाइट लगाने, दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार की मांग की। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर लिफ्ट के नियमित संचालन और प्लेटफॉर्म संख्या-1 से 8 तक फुटओवर ब्रिज के विस्तार पर भी जोर दिया।

विधायक ने जोड़ाफाटक से स्टेशन के दक्षिणी छोर तक सड़क निर्माण, भाटडीह क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए रेलवे आरओबी के नीचे 11 केवी केबल ले जाने की अनुमति तथा जलनिकासी के लिए नाली निर्माण की आवश्यकता को भी प्रमुखता से रखा।

भाटडीह अंडरपास परियोजना का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास के बावजूद कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने परियोजना को जल्द शुरू करने की मांग की।

डीआरएम ने विधायक को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी प्रस्तावों और मांगों की विभागीय स्तर पर समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता : चंदन सिंह, धनबाद

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *