तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में दो की मौत, एक की हालत नाजुक


भागलपुर/बांका : बांका जिले के सबलपुर में हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर में घायल होकर भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) पहुंचे एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जबकि एक अन्य घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबलपुर क्षेत्र में दूध सप्लाई करने वाली एक काउंटर गाड़ी तेज रफ्तार से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन ने सड़क किनारे मौजूद तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।


गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पप्पू दास (35 वर्ष), पिता गोवर्धन दास, निवासी बांका के रूप में हुई है।


दूसरे मृतक के शव को बांका पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह वाहन की तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मायागंज अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ओर जहां दो परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, वहीं एक अन्य परिवार अपने सदस्य की जिंदगी बचने की उम्मीद में अस्पताल के बाहर प्रार्थना कर रहा है।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *