बिहार में चुनावी सरगर्मी के बीच एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। असम के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल के हेलीकॉप्टर ने जमुई के केकेएम कॉलेज मैदान में बिना अनुमति के लैंडिंग की। इस घटना से जिला प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

दरअसल, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल शुक्रवार को श्रेयसी सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने जमुई पहुंचे थे। इस कार्यक्रम के लिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री वृजनंदन सिंह ने हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति मांगी थी।

प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की लैंडिंग की अनुमति जमुई पुलिस लाइन में दी थी, लेकिन अनुमति के विपरीत हेलीकॉप्टर को केकेएम कॉलेज मैदान में उतारा गया।

चुनाव आचार संहिता लागू होने के दौरान बिना अनुमति हवाई लैंडिंग करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है। इसी संबंध में अंचलाधिकारी (CO) ललिता कुमार ने कार्रवाई करते हुए भाजपा महामंत्री वृजनंदन सिंह के खिलाफ टाउन थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।

इस घटना के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी आचार संहिता के किसी भी उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि हेलीकॉप्टर लैंडिंग का निर्णय किस स्तर पर लिया गया और क्या यह प्रशासनिक अनुमति के अभाव में किया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के अधिकारी भी मौजूद थे, लेकिन हेलीकॉप्टर के अचानक कॉलेज परिसर में उतरने से सुरक्षा व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *