पटना से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां बिहार विधान परिषद के लिए हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार Surya Kumar Sharma  उर्फ अरविंद शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इस सीट पर केवल एक उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने के कारण उनका निर्वाचन बिना मतदान के ही तय हो गया। बिहार विधान परिषद की ओर से उन्हें औपचारिक रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर छोटे पासवान ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र भी सौंप दिया।

इस जीत के बाद प्रदेश की राजनीति में बीजेपी को बड़ी मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूर्य कुमार शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि विधानसभा कोटे की सीट पर उनका निर्विरोध चुना जाना उनकी निरंतर जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और मेहनत का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने उनके कार्य और निष्ठा की सराहना करते हुए इसे पार्टी के लिए गर्व का क्षण बताया।

बताया जा रहा है कि यह सीट पहले खाली हो गई थी, जब पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एमएलसी मंगल पांडे रहते हुए विधानसभा चुनाव जीत गए थे। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। हालांकि कई नेताओं ने दावेदारी पेश की थी, लेकिन बीजेपी नेतृत्व ने अंततः सूर्य कुमार शर्मा को उम्मीदवार बनाया।

सूर्य कुमार शर्मा ने 30 अप्रैल 2026 को अपना नामांकन दाखिल किया था। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरा, जिससे उनका निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित हो गया। पार्टी के भीतर वे एक अनुभवी और पुराने कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। वर्तमान में वे बीजेपी कार्यालय के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

उनके निर्विरोध एमएलसी बनने के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। बीजेपी नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वे विधान परिषद में जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे और संगठन को और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *