बिहार के बगहा में सोमवार शाम सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। रामनगर थाना क्षेत्र के फुलकौल चौक पर कुख्यात अपराधी संजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुट्टू मिश्रा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस वक्त हुई जब पुट्टू मिश्रा जमीन विवाद को सुलझाने के लिए कुछ लोगों के साथ बैठक कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाजार में सामान्य चहल-पहल थी। लोग खरीदारी में व्यस्त थे और चाय दुकानों पर बैठे थे, तभी तीन बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने बिना देर किए पुट्टू मिश्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब तीन राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली सीधे उसके सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और अफरा-तफरी मच गई। हमलावर हथियार लहराते हुए आसानी से फरार हो गए।
गोलीबारी के बाद कुछ देर तक लोग डर के कारण घायल पुट्टू के पास नहीं जा सके। बाद में स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे रामनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पुट्टू मिश्रा का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका था और कई बार जेल भी जा चुका था। यही वजह है कि इस हत्याकांड को साधारण घटना नहीं माना जा रहा।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद, पुरानी दुश्मनी, रंगदारी और गैंगवार जैसी आशंकाओं पर काम किया जा रहा है। घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। फुलकौल चौक और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।
