जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पबिया में गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ओवरलोड बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर सड़क किनारे एक पेड़ की डाल पर जा चढ़ा। हादसे में दुधानी गांव निवासी करीब 50 वर्षीय राजा मणि मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायडीह गांव निवासी राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और प्रशासन से उचित मुआवजा देने तथा दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम की वजह से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए तथा सड़क जाम हटाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संवाददाता – संतोष कुमार, जामताड़ा