झारखंड की धरती ने एक बार फिर अपने खेल कौशल से पूरे देश का मान बढ़ाया है। राज्य की तीन उभरती महिला फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन एएफसी अंडर-20 महिला एशियन कप 2026 की तैयारी कर रही भारतीय महिला अंडर-20 टीम में किया गया है। ये तीनों खिलाड़ी स्लोवेनिया में आयोजित होने वाले विशेष प्रशिक्षण शिविर और फ्रेंडली मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने आगामी एशियन क्वालीफायर की तैयारी के मद्देनज़र 20 से 29 अक्टूबर 2025 तक स्लोवेनिया में अंतरराष्ट्रीय अभ्यास सत्र आयोजित करने की घोषणा की है। इसी क्रम में झारखंड की तीन प्रतिभाशाली बेटियां — विकसित बड़ा (आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इनडोर स्टेडियम, गुमला), बबीता कुमारी और निसिमा कुमारी (दोनों जेएसएसपीएस, रांची) का चयन भारतीय दल में किया गया है।
तीनों खिलाड़ी गुरुवार को रांची एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए रवाना हुईं, जहां से पूरी भारतीय टीम स्लोवेनिया के लिए उड़ान भरेगी। इनका चयन न केवल उनके परिवारों के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि पूरे झारखंड के खेल प्रेमियों के लिए गौरव की बात है। राज्य में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों के बीच खुशी का माहौल है।
राज्य के खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर, जिला खेल पदाधिकारी (गुमला एवं रांची) और फुटबॉल कोच बिना केरकेट्टा ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि झारखंड की बेटियां लगातार अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं और आने वाले समय में भारत की महिला फुटबॉल टीम की रीढ़ साबित होंगी।
कोच बिना केरकेट्टा ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और जुनून के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि स्लोवेनिया में होने वाले अभ्यास मैच इन खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव का सुनहरा अवसर होंगे, जो आगे के टूर्नामेंट्स में उनके आत्मविश्वास और प्रदर्शन को नई ऊंचाई देगा।
गौरतलब है कि गुमला और सिमडेगा जैसे झारखंड के आदिवासी बहुल जिलों ने पिछले कुछ वर्षों में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला फुटबॉल खिलाड़ी दी हैं। अब विकसित, बबीता और निसिमा का चयन इस परंपरा को और सशक्त करता है। राज्य के खेल विभाग ने विश्वास जताया है कि ये तीनों खिलाड़ी भारत को एएफसी अंडर-20 एशियन कप में गौरव दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
