मुजफ्फरपुर/गया: बिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) मुजफ्फरपुर की टीम ने गया जिले के जीटी रोड पर छापेमारी कर गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में करीब 1.75 करोड़ रुपये मूल्य का 282 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिससे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के बनारस तक सप्लाई किया जाना है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने गया के पास जीटी रोड पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध ट्रक को रोका। जांच के दौरान पाया गया कि गांजे को बेहद चालाकी से ट्रक में लोड लोहे के रॉड बनाने वाले कच्चे माल (अयस्क) के नीचे छिपाकर रखा गया था।
तलाशी लेने पर टीम ने कुल 296 पैकेट में पैक गांजा बरामद किया। मौके से ट्रक चालक मोहम्मद जावेद इकबाल, जो जम्मू का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद उसे एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ओडिशा से लेकर बनारस तक फैले तस्करी नेटवर्क के बारे में कई अहम जानकारियां दी हैं। इन खुलासों के आधार पर डीआरआई की टीम अब इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों और सरगनाओं की पहचान करने में जुट गई है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सख्ती के बावजूद तस्करों का हौसला क्यों कम नहीं हो रहा है। एक राज्य से दूसरे राज्य तक नशे की सप्लाई का यह नेटवर्क कितना व्यापक है, इसका अंदाजा इस बरामदगी से लगाया जा सकता है। फिलहाल डीआरआई इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में तेजी से कार्रवाई जारी है।
