नवगछिया सीमा क्षेत्र में विक्रमशिला सेतु से रस्सी के सहारे नीचे उतरते समय रस्सी टूट जाने से इस्माइलपुर पश्चिम भिट्टा गांव निवासी रंजीत यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रंजीत यादव मोटरसाइकिल से भागलपुर आया था। वापस लौटने के क्रम में वह विक्रमशिला सेतु के नीचे बसे लोगों के पास दूध नापने के लिए उतर रहा था। बताया जाता है कि सेतु से नीचे जाने के लिए उसने रस्सी का सहारा लिया, लेकिन अचानक रस्सी टूट गई और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रंजीत को इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच मायागंज पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर अपने गांव लौट गए। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ज्ञात हो कि नवगछिया क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला सेतु के नीचे गंगा किनारे बड़ी संख्या में लोग रहकर खेती और पशुपालन करते हैं। आवागमन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई लोग सेतु पर चढ़ने और उतरने के लिए रस्सी का सहारा लेते हैं। इस तरह की खतरनाक आवाजाही की तस्वीरें समय-समय पर सोशल मीडिया पर भी वायरल होती रहती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षित मार्ग या वैकल्पिक व्यवस्था की जाती तो ऐसी घटना टाली जा सकती थी। घटना ने एक बार फिर सेतु के नीचे रहने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
