सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सुलतानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

 

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियार लहराते हुए वीडियो अपलोड किया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले वीडियो का सत्यापन कराया। पुष्टि होने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

 

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान परदेसी रविदास, पिता संजय रविदास, निवासी मिरहट्टी, थाना सुलतानगंज, जिला भागलपुर के रूप में हुई है।

 

तलाशी के दौरान उसके घर से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मोबाइल को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था तथा कहीं इसका संबंध किसी आपराधिक गिरोह से तो नहीं है।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या आपराधिक गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *