महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। नाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।

 

जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक युवक हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए नाथनगर थाना में कांड संख्या 52/26 दर्ज किया गया।

 

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर-02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने वायरल वीडियो का सत्यापन किया और आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने भोला मंडल उर्फ प्रियांशु, पिता संजय मंडल उर्फ साहब मंडल, निवासी बैरिया, थाना नाथनगर, जिला भागलपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है और उसे जांच के लिए भेजा जा रहा है।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है और हथियार कहां से लाया गया था।

 

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *