बिहार के भोजपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंध के शक में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गिधा थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय रवि कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रवि कुमार आज अपने घर से बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे उसके रिश्ते में चाचा लगने वाले सरोज कुमार और कुछ नामजद बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में रवि कुमार की आंख में गोली जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में रवि कुमार को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल है।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि सरोज कुमार को अपनी पत्नी और रवि कुमार के बीच अवैध संबंध का शक था। इसी को लेकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले मोबाइल पर मैसेज को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट भी हुई थी। उस समय सरोज कुमार ने रवि को गोली मारने की धमकी दी थी, जिसे आज सच कर दिखाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ छापेमारी भी तेज कर दी है। हालांकि, इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार किया है।
वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल ज्ञानपुर गांव में कैंप कर रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों के टूटते विश्वास और बढ़ते अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
