भागलपुर। बाखरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रिंकी देवी नामक महिला ने थाना में आवेदन देकर 30 से अधिक लोगों पर संगठित तरीके से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि सात अक्टूबर को उसके पति भरत यादव गांव से अपने घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे 30 से अधिक लोगों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया।
हमलावरों के पास राइफल, बंदूक, गोजारी, रॉड और हंसुआ जैसे हथियार थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर भरत यादव को बेरहमी से पीटा और गोलियां चलाईं। गोली लगने से भरत यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनके पैर में गोली लगी और सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फिलहाल वे मायागंज अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रिंकी देवी ने अपनी प्राथमिकी में बताया कि जब वह और घर के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, तो हमलावरों ने उनके घर में घुसकर सभी पर हमला कर दिया। इस दौरान उसकी सास, ससुर और बच्चों को भी पीटकर घायल कर दिया गया।
महिला ने बताया कि हमले में अरुण यादव, टनटन यादव, कुंदन यादव सहित कुल 26 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोग भी शामिल थे। सभी आरोपितों ने मिलकर पहले से साजिश रचकर यह हमला किया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने घायल को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने कहा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
