बिहार के सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तुनियाही नहर के पास एक 26 वर्षीय महिला का शव बरामद होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही बिहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

 

मृतका की पहचान प्रीति कुमारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मुरली भरना वार्ड नंबर 8 की रहने वाली थीं और उनके पिता का नाम अर्जुन कुमार मेहता बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार करीब आठ साल पहले उनकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से बिहरा थाना क्षेत्र के वेला बगरोली वार्ड नंबर 10 निवासी राहुल कुमार से हुई थी, जो लीलो मंडल के पुत्र हैं।

 

घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि प्रीति कुमारी के पति राहुल कुमार का किसी दूसरी लड़की से बातचीत को लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था। इसी बात को लेकर परिवार में कई बार झगड़ा भी हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते ससुराल वालों ने मिलकर प्रीति की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को तुनियाही नहर के पास फेंक दिया।

 

मृतका के परिजनों ने यह भी बताया कि प्रीति कुमारी के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक 6 साल का बेटा और दूसरा 3 साल का बेटा है। वहीं बताया जा रहा है कि पति राहुल कुमार फिलहाल राजस्थान में मजदूरी करता है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के कई लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं, जिससे परिजनों का शक और भी गहरा गया है।

 

इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *