सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह पर एक अज्ञात महिला को भीड़ ने पकड़कर बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना मोरलाही के समीप हुई, जहां अफवाह फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और बिना सत्यापन के महिला पर हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सब-इंस्पेक्टर रूपा कुमारी ने बताया कि गश्ती के दौरान खबर मिली थी कि कुछ लोगों ने एक महिला को बच्चा चोरी के आरोप में पकड़ रखा है। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को समझा-बुझाकर महिला को उनके चंगुल से मुक्त कराया। इसके बाद घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सूरज कुमार के अनुसार महिला के शरीर पर अंदरूनी चोटों के संकेत मिले हैं। चोटों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उसका एक्स-रे कराया जा रहा है। फिलहाल महिला अपनी स्पष्ट पहचान नहीं बता पा रही है और केवल इतना कह रही है कि वह सहरसा जिले की रहने वाली है। प्रारंभिक रूप से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही की जाएगी।
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई।
वहीं प्रभारी एसपी धीरेन्द्र पांडे ने बताया कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ मारपीट किए जाने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई है। मामले में 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि कानून के तहत उचित कार्रवाई की जा सके।
