हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड नेवी अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला का कहना है कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था और उसने जानबूझकर अपने पति पर कोई वार नहीं किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह घटना रविवार की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के नखरोला गांव निवासी 45 वर्षीय सुनील कुमार, जो भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी थे, शाम को घर लौटे। पुलिस का दावा है कि उस समय सुनील नशे की हालत में थे। घर के अंदर जाते ही वह बाथरूम की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिरने लगे।
इसी दौरान उनकी पत्नी ममता, जिनकी उम्र करीब 43 वर्ष है, किचन में सब्जी काट रही थीं। जैसे ही उन्होंने अपने पति को लड़खड़ाते हुए देखा, वे उन्हें संभालने के लिए दौड़ीं। दुर्भाग्यवश, उनके हाथ में सब्जी काटने वाला चाकू था और इसी दौरान वह चाकू सीधे सुनील के सीने में घुस गया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और आसपास के लोगों की मदद से सुनील कुमार को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस ने इस घटना को हादसा माना था। हालांकि, सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को गंभीर मोड़ दे दिया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सुनील की मौत धारदार हथियार से लगी गहरी चोट के कारण हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने मृतक की पत्नी ममता के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर गुरुवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
खड़की दौला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक का विसरा सुरक्षित रख लिया गया है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि सुनील ने शराब का सेवन किया था या नहीं। बताया जा रहा है कि सुनील कुमार फिलहाल गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी कर रहे थे। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह हादसा था या किसी तरह की लापरवाही।
