बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जहां एक तरफ एनडीए ने जबरदस्त जीत दर्ज की है, वहीं दूसरी ओर चुनावी माहौल के बीच एक दुखद खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। भोजपुर जिले की तरारी विधानसभा सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का निधन हो गया। उन्होंने पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, चन्द्रशेखर सिंह को 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान पहला हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक उनकी स्थिति स्थिर रही, लेकिन शुक्रवार दोपहर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और शाम होते-होते उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
उनके निधन से जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त है। चन्द्रशेखर सिंह न सिर्फ एक सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता थे, बल्कि समाज में भी उनकी अच्छी पकड़ थी। वे सेवानिवृत्त शिक्षक थे और शिक्षक संघ के प्रमुख पदों पर रहते हुए लगातार शिक्षकों की समस्याओं के लिए संघर्ष करते रहे थे। इसके साथ ही वे ब्रह्मर्षि समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनका निधन जन सुराज पार्टी के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
इधर, तरारी विधानसभा सीट के परिणाम भी सामने आ चुके हैं, जहां बीजेपी प्रत्याशी विशाल प्रशांत ने 11,464 वोटों से जीत दर्ज की है। विशाल प्रशांत को कुल 96,887 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर CPI (ML) के प्रत्याशी मदन सिंह रहे, जिन्होंने 85,423 वोट हासिल किए। जन सुराज पार्टी के दिवंगत प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह को इस चुनाव में सिर्फ 2,271 वोट मिले और वे चौथे स्थान पर रहे। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के लिए यह चुनाव बेहद निराशाजनक रहा, क्योंकि एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हो सकी। चुनाव से पहले इस पार्टी को लेकर कई तरह की चर्चाएँ थीं, लेकिन परिणाम उम्मीदों के उलट आए।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के कुल परिणामों की बात करें तो एनडीए ने 200 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर एकतरफा बढ़त बना ली है। वहीं महागठबंधन को भारी हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस को सिर्फ 6 सीटें मिलीं, जबकि राजद 25 सीटों पर सिमट गया। इस चुनावी जीत के बावजूद तरारी सीट से आई यह दुखद खबर चुनावी उत्साह के बीच उदासी का माहौल पैदा कर गई है।
