भागलपुर वन-वे नियम तोड़ने से रोका तो महिला पुलिस समेत तीन जवानों पर बाइक सवार ने किया हमला। महिला पुलिस की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। वह नशे में था। तिलकामांझी थाना में मामला दर्ज किया गया है।
भागलपुर। बिहार के भागलपुर में महिला पुलिसकर्मी के साथ युवक ने दुर्व्यवहार किया है।महिला पुलिस की वर्दी फाड़ दी। उसे गाली दी। साथ ही यह धमकी दी कि हिम्मत कैसे हुई मुझे रोकने की। जिस समय यह घटना घटी उस समय वहां काफी अफरातफरी मच गई। काफी संख्या में लोग वहां जुट गए। बाइक सवार युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। उसकी जांच की तो वह नशे में थे। मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवक को जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, तिलकामांझी चौक पर वन-वे नियम तोड़ कर बाइक से तेजी से आ रहे युवक को रोके जाने पर वह उग्र होकर वहां तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर उनकी वर्दी फाड़ दी। नियम तोड़ बाइक ले जाते समय उसे रोकने वाली महिला पुलिस ललिता कुमारी और सपना कुमारी के साथ वह उलझते हुए गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा। जिसे देख कुछ दूर पर मौजूद सिपाही अमर कुमार और दो अन्य जवान दौड़े तो पहले वह सिपाही अमर कुमार की वर्दी फाड़ दी। तब तक अन्य जवानों और स्थानीय लोगों ने हमलावर युवक को पकड़ कर कब्जे में ले लिया। कुछ लोग उसे पुलिस के कब्जे से छीन मारपीट करना चाहते थे।
जवानों ने लोगों के आक्रोश को देखते हए उक्त युवक को तिलकामांझी थाने ले जाने लगे। इस दौरान लोगों ने उसे दो-चार लात-घूंसे जमा दी। जवानों ने पकड़े गए युवक को बाइक समेत तिलकामांझी थानाध्यक्ष को सौंप दिया है। पकड़े गए युवक की पहचान सजौर थाना क्षेत्र के दासपुर गांव निवासी केशव आनंद उर्फ हरिओम पंडित के रूप में हुई है।
यातायात थाने के अवर निरीक्षक दिनेश प्रसाद भगत के लिखित बयान पर तिलकामांझी थाने में उक्त युवक के विरुद्ध् संगीन मामले में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस गिरफ्तार युवक की मेडिकल जांच कराई है। उसमें उसे नशे की हालत में पाए जाने की पुष्टि की गई है। तिलकामांझी पुलिस सजौर, कजरैली और शाहकुंड थानाध्यक्ष से गिरफ्तार केशव आनंद का आपराधिक इतिहास पता कर रही है।