उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां देखते ही देखते हिंसा और हंगामे में बदल गईं। मामला मानकजुड़ी गांव का है, जहां दूल्हा अरमान अपनी बारात लेकर कांकर सराय जा रहा था। बारात चढ़त के दौरान डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे को ही मारपीट का शिकार होना पड़ा।

 

जानकारी के मुताबिक, दूल्हे के दोस्तों ने डीजे संचालक से अपनी पसंद का गाना बजाने की मांग की। जब डीजे ने गाना बजाने से इनकार किया, तो पहले बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला गरमा गया। कुछ ही देर में यह विवाद दूल्हे तक पहुंच गया और दोस्तों ने उसी से उलझना शुरू कर दिया। आरोप है कि गुस्से में आकर दोस्तों ने दूल्हे अरमान की पिटाई कर दी।

 

शादी के मौके पर हुई इस अप्रत्याशित घटना से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। माहौल इतना बिगड़ गया कि खुशी का माहौल तनाव में बदल गया। घटना के बाद दूल्हे ने बड़ा कदम उठाते हुए निकाह के लिए जाने से इनकार कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि दूल्हा अरमान शादी के कपड़ों में ही अपने परिजनों के साथ सीधे अमरोहा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दूल्हे को इस हालत में एसपी ऑफिस पहुंचते देख वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए और घटना चर्चा का विषय बन गई।

 

वहीं दूल्हे के परिजनों ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोस्तों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि शादी समारोह में हंगामा कर माहौल बिगाड़ दिया, जिससे परिवार को अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ा।

 

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *